भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री आरटी-पीसीआर परीक्षण में भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं और उन्हें कम से कम अगले 10 दिनों के लिए क्वारंटाइन रहना होगा। अब वह इस सप्ताह मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में टीम के साथ नहीं होंगे। शास्त्री को रविवार को लेटरल फ्लो टेस्ट (रैपिड एंटीजन टेस्ट) में पॉजिटिव पाया गया था और सोमवार को उनकी आरटी-पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। पांचवां और अंतिम टेस्ट 10 सितंबर से शुरू होना है।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर एक न्यूज एजेंसी से कहा कि दो रैपिड एंटीजन टेस्ट परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद शास्त्री का आरटी-पीसीआर परीक्षण भी पॉजिटिव आया है। उनके गले में खराश जैसे हल्के लक्षण हैं। वह 10 दिनों के क्वारंटाइन से गुजरेंगे। उसने करीबी संपर्क में आने के बाद तीन सपोर्ट स्टाफ सदस्यों को भी आइसोलेट कर दिया गया जिनमें गेंदबाजी कोच भरत अरुण, फील्डिंग कोच आर श्रीधर और फिजियोथेरेपिस्ट नितिन पटेल शामिल हैं।
खेलने वाले सदस्यों ने शनिवार शाम और रविवार की सुबह आयोजित दो रैपिड एंटीजन टेस्ट में नकारात्मक परीक्षण किया था। सभी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ का पूरा टीकाकरण किया गया है। शास्त्री को टीम होटल में अपनी पुस्तक के विमोचन में शामिल होने के बाद लक्षण सामने आने की संभावना है जहां बाहरी मेहमानों को भी अनुमति दी गई थी। उस समारोह में अरुण, पटेल और श्रीधर ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया था।

