कर्नलगंज-गोण्डा। कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार राहुल सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद, पैमाइश तथा राजस्व संबंधी थे।
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने बिना लिखित प्रार्थना पत्र दिए ही बांसगांव, बटोरा बख्तावर, चौरी, कपूरपुर और रेरुवा गांवों में अवैध मिट्टी खनन होने की शिकायत की। उसने बताया कि खनन में शामिल लोग प्रभावशाली हैं, इसलिए वह लिखित शिकायत देने से डर रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
तहसीलदार राहुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित क्षेत्रों में छापेमारी और जांच के निर्देश दिए।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। समाधान दिवस में कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजराज सिंह, राजस्व निरीक्षक रामबहादुर पांडेय, लेखपाल विकास सिंह, श्रवण कुमार, फैय्याज अहमद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

